रे ने भारत-अमेरिका रिश्तों को मजबूती दी : मनमोहन
नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धार्थ शंकर रे के निधन पर गहरा शोक जताया और कहा कि उन्होंने 'राष्ट्रनिर्माण की प्रक्रिया में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी' एवं भारत-अमेरिका रिश्तों को मजबूती दी थी।
अपने शोक संदेश में मनमोहन सिंह ने कहा, "90 के दशक में अमेरिका में भारतीय राजदूत के रूप में रे ने दोनों देशों के रिश्तों को सुदृढ़ किया था।"
उल्लेखनीय है कि गुर्दे की बीमारी से पीड़ित 90 वर्षीय रे का शनिवार को कोलकाता में निधन हो गया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि रे ने 'राष्ट्रनिर्माण की प्रक्रिया में विभिन्न क्षेत्रों में अत्यंत महत्वपूर्ण निभाई थी।'
उन्होंने कहा, "रे के निधन से हमने एक पक्के राष्ट्रवादी, आधुनिकता के पक्षधर एवं व्यापक सम्मानित नेता को खो दिया है। उनके कार्यो ने पिछड़े इलाकों के लोगों के जीवन को खुशहाल बनाया। मैं उन्हें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के एक वरिष्ठ सहयोगी एवं अत्यंत मूल्यवान मित्र के रूप में सदा याद रखूंगा।"
उल्लेखनीय है कि रे ने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत 1950 में पश्चिम बंगाल के कैबिनेट मंत्री के रूप में की थी। बाद में 1972 से 1977 तक वह मुख्यमंत्री रहे।
प्रधानमंत्री ने अपने शोक संदेश में रे को 'पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं पंजाब के राज्यपाल' के रूप में भी याद किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications