ओबामा यात्रा : 'भारत के हित में है स्थिर पाकिस्तान'
मुम्बई के सेंट जेवियर्स कॉलेज में एक छात्रा के सवाल के जवाब में ओबामा ने कहा, "पाकिस्तान में बहुत क्षमता है। परंतु वहां के कई इलाकों में आतंकवाद पसरा हुआ है। हम इसे एक तरह का कैंसर मानते हैं। यह पाकिस्तान को नुकसान पहुंचा रहा है। इसके साथ ही हम यह मानते हैं कि पाकिस्तानी सरकार इस बात को अच्छी तरह समझती है।"
उन्होंने कहा, "पाकिस्तानी सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कदम उठाए हैं। अफगानिस्तान की सीमा से लगे इलाकों में आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तानी सेना ने कार्रवाई की है। परंतु उम्मीदों के मुताबिक नहीं है। उम्मीद की जानी चाहिए की पाकिस्तानी सरकार पहले से अधिक ठोस कदम उठाएगी।"
ओबामा ने कहा, "पाकिस्तान सामरिक रूप से महत्वपूर्ण है। यह सिर्फ अमेरिका के लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है। हमारा मानना है कि पाकिस्तान में स्थिरता और शांति सबसे ज्यादा भारत के लिए जरूरी है। इस क्षेत्र में शांति भारत के हित से जुड़ी है।"
ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा शनिवार को मुम्बई पहुंचे थे। वे दिन में 3.30 बजे दिल्ली पहुंच जाएंगे। खबर है कि हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर मौजूद रहेंगी। अमेरिकी राष्ट्रपति का दिल्ली में बहुत व्यस्त कार्यक्रम है। दिल्ली पहुंचने के कुछ देर बाद ही वह ऐतिहासिक हूमायूं का मकबरा देखने जाएंगे। शाम में वह अमेरिकी दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। इसके बाद वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर एक निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे।
इसके अगले दिन वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद ओबामा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे और फिर दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने सम्मान में आयोजित भोज से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के लिए रवाना होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications