ओबामा यात्रा : 'वैश्विक ताकत बन चुका है भारत' (लीड-1)
मुम्बई के मशहूर सेंट जेवियर्स कॉलेज में रविवार को छात्रों को संबोधित करते हुए ओबामा ने कहा, "लोग कहते हैं कि भारत एक ताकत के रूप में उभर रहा है। परंतु मेरा मानना है कि भारत पहले ही क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर एक शक्ति के रूप में उभर चुका है। अमेरिका भारत को एक वैश्विक ताकत के रूप देखता है। भारत का उभरना पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है।"
भारत-अमेरिका संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "अमेरिका और भारत के रिश्ते 21वीं सदी को नई दिशा देने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। दोनों के बीच व्यापार, निवेश, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि और कई क्षेत्रो में साझेदारी बढ़ी है। दोनों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ने से भारतीयों और अमेरिकियों दोनों को लाभ होगा। मेरा मानना है कि भारत और अमेरिका के हित और विकास एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।"
ओबामा और मिशेल शनिवार को मुम्बई पहुंचे थे। रविवार को तय कार्यक्रम के अनुसार ओबामा दंपत्ति मुम्बई के होलीनेम स्कूल पहुंचा जहां बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किया। कोली नृत्य कर रहे नन्हे-मुन्नों को देख पहले मिशेल भी थिरकीं। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति भी झूमने से खुद को नहीं रोक सके। ओबामा ने बच्चों के साथ ताल में ताल मिलाई। नृत्य के बाद ओबामा ने कुछ देर तक बच्चों से बात की और उन्हें ऑटोग्राफ भी दिए। बच्चों में ओबामा और मिशेल को लेकर खूब उत्साह देखा गया। मिशेल बच्चों के साथ बेहद खुश नजर आ रही थीं। वह शनिवार को भी 'रंग दे बसंती' की धून पर जमकर थिरकी थीं।
ओबामा और मिशेल आज मुम्बई से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे दिन में 3.30 बजे दिल्ली पहुंच जाएंगे। खबर है कि हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर मौजूद रहेंगी। अमेरिकी राष्ट्रपति का दिल्ली में बहुत व्यस्त कार्यक्रम है। दिल्ली पहुंचने के कुछ देर बाद ही वह ऐतिहासिक हूमायूं का मकबरा देखने जाएंगे। शाम में वह अमेरिकी दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। इसके बाद वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर एक निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे।
इसके अगले दिन वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद ओबामा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे और फिर दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने सम्मान में आयोजित भोज से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीय संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के लिए रवाना होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications