ओबामा यात्रा: कोली नृत्य पर बच्चों के संग थिरके अमेरिकी राष्ट्रपति
मुम्बई, 7 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए अमेरिकी राष्ट्रपति रविवार को मुम्बई के एक स्कूल में महाराष्ट्र के पारम्परिक कोली नृत्य किया । इस मौके पर ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ने बच्चों के साथ दीपावली भी मनाई।
ओबामा और मिशेल शनिवार को मुम्बई पहुंचे थे। रविवार को तय कार्यक्रम के अनुसार ओबामा दंपत्ति मुम्बई के होलीनेम स्कूल पहुंचे जहां बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किया। कोली नृत्य पर नाच रहे नन्हे-मुन्नों को देख पहले मिशेल थिरकीं। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति भी झूमने से खुद को नहीं रोक सके। ओबामा ने बच्चों के साथ ताल में ताल मिलाई।
नृत्य के बाद ओबामा ने कुछ देर तक बच्चों से बात की और उन्हें ऑटोग्राफ भी दिए। बच्चों में ओबामा और मिशेल को लेकर खूब उत्साह देखा गया। मिशेल बच्चों के साथ बेहद खुश नजर आ रही थीं। वह शनिवार को भी 'रंग दे बसंती' की धून पर जमकर थिरकी थीं।
ओबामा और मिशेल आज मुम्बई से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे दिन में 3.30 बजे दिल्ली पहुंच जाएंगे। खबर है कि हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर मौजूद रहेंगी। अमेरिकी राष्ट्रपति का दिल्ली में बहुत व्यस्त कार्यक्रम है। दिल्ली पहुंचने के कुछ देर बाद ही वह ऐतिहासिक हूमायूं का मकबरा देखने जाएंगे। शाम में वह अमेरिकी दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। इसके बाद वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर एक निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे।
इसके अगले दिन वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनका हुमायूं का मकबरा जाने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद ओबामा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे और फिर दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने सम्मान में आयोजित भोज से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीय संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के लिए रवाना होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications