जी-20 सम्मेलन में शामिल होंगे मनमोहन सिंह
नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बुधवार को सियोल रवाना होंगे। संभावना है कि वह वहां दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली म्युंगबक एवं अन्य नेताओं से मिलेंगे।
मनमोहन सिंह एवं ली इससे पहले हनोई में 29 अक्टूबर को भारत-एसियान शिखर सम्मेलन के दौरान एक-दूसरे से मिल चुके हैं। दोनों ने दो दूरगामी द्विपक्षीय समझौतों को अंतिम रूप दिया था। पहला समझौता नागरिक परमाणु सहयोग एवं दूसरा व्यापक आर्थिक सहयोग से सम्बंधित है।
उम्मीद की जा रही है कि सिओल में द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों पक्ष दक्षिण कोरिया की कम्पनी पॉस्को द्वारा भारत में प्रस्तावित 12 अबर डॉलर की इस्पात परियोजना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा करेंगे। इस परियोजना को लेकर मौसम एवं पर्यावरण सम्बंधी चिंताएं व्यक्त की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से भी मिलेंगे। ओबामा इस समय चार दिवसीय यात्रा पर भारत आए हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार सियोल दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 11 नवंबर को वैश्विक आर्थिक परिदृश्य पर विचार-विमर्श करेंगे। इसके अलावा व्यापार, वित्तीय नियमों एवं जलवायु परिवर्तन जैसे सात मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री 12 नवंबर को स्वदेश लौटेंगे।
उल्लेखनीय है कि भारत और दक्षिण कोरिया के अलावा जी-20 समूह में अर्जेन्टीना, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका एवं यूरोपीय संघ शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications