ओबामा यात्रा: दिल्ली में दिखा मनमोहन-ओबामा का याराना
ओबामा अपनी पत्नी मिशेल के साथ रविवार को दिन में 3.30 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी के लिए प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, विदेश सचिव निरुपमा राव, अमेरिकी राजदूत टिमोथी जे. रोमर और दूसरे गणमान्य लोग मौजूद थे। अपने विशेष विमान एयरफोर्स वन से उतरते ही ओबामा प्रधानमंत्री से गले मिले। फिर दोनों नेताओं ने बड़ी गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाया।
हवाई अड्डे पर दोनों नेताओं का मिलना न सिर्फ राजनयिक बल्कि सामाजिक स्तर पर वाकई दर्शनीय था। इस तरह दो राष्ट्राध्यक्षों को मुस्कराते हुए गले मिलते हुए विरले ही देखा जाता है। ओबामा का अपने दोस्त मनमोहन को यहां देखकर प्रफुल्लित होना लाजिमी था क्योंक प्रधानमंत्री प्रोटोकॉल से जुड़ी परम्परा की परवाह किए बगैर खुद हवाई अड्डे पर मौजूद थे। वैसे दोनों दोस्तों की मुलाकात रात में भोज के दौरान होगी और फिर सोमवार को दोनों आधिकारिक तौर पर मिलेंगे।
वैसे मनमोहन की दोस्ती सिर्फ ओबामा से ही नहीं बल्कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश से भी काफी प्रगाढ़ थी। वर्ष 2006 में जब बुश भारत के आधिकारिक दौरे पर आए थे तो उस समय भी मनमोहन इसी तरह उनकी अगवानी करने सीधे हवाई अड्डे पहुंच गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications