ओबामा यात्रा : अमेरिकी राष्ट्रपति दिल्ली रवाना
ओबामा और मिशेल आज दिन में 3.30 बजे दिल्ली पहुंच जाएंगे। हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर मौजूद रहेंगी। अमेरिकी राष्ट्रपति का दिल्ली में बहुत व्यस्त कार्यक्रम है। दिल्ली पहुंचने के कुछ देर बाद ही वह ऐतिहासिक हूमायूं का मकबरा देखने जाएंगे। शाम में वह अमेरिकी दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। इसके बाद वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर एक निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे।
इसके अगले दिन वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद ओबामा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे और फिर दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने सम्मान में आयोजित भोज से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीय संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के लिए रवाना होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications