स्थायी सदस्यता पर अमरीका पूर्ण समर्थन दे: मैक्केन

ओबामा ने कहा था कि स्थायी सदस्यता बहुत 'जटिल और मुश्किल मुद्दा' है
अमरीका में रिपब्लिकन पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेता जॉन मैक्केन ने कहा है कि 'अमरीका को चाहिए कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता के प्रयासों को पूर्ण समर्थन दे.'
जॉन मैक्केन रिपब्लिकन पार्टी की ओर से बराक ओबामा के ख़िलाफ़ राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़े थे और हार गए थे.
ग़ौरतलब है कि भारत के दौरे से पहले अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता के मुद्दे पर समाचार एजेंसी पीटीआई को कहा था, "ये काफ़ी मुश्किल और जटिल मुद्दा है."
समाचार एजेंसियों के अनुसार जॉन मैक्केन ने वॉशिंगटन में कहा, "यदि हम चाहते हैं कि भारत हमारे साथ अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा की ज़िम्मेदारी बाँटे, तो विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को अंतरराष्ट्रीय राजनीति के सबसे बड़े मंच पर जगह मिलनी चाहिए."
उनका कहना था, "अमरीका को चाहिए कि वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता के प्रयासों को पूरी तरह से समर्थन दे."
मैक्केन ने ये भी कहा कि भारत को वैश्विक मंच पर सभी संस्थाओं में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए और अमरीका को प्रयास करना चाहिए कि भारत अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी, एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग मंच और अप्रसार संबंधित वैश्विक संस्थाओं का सदस्य बने जिनसे वह अब तक बाहर है.
उन्होंने कहा कि भारत-अमरीका साझेदारी का सबसे सकारात्मक पहलू है लोकतांत्रिक मूल्य और इनको बढ़ावा देने से ही दोनों देशों की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाएगी.


Click it and Unblock the Notifications