ओबामा यात्रा : मिशेल ने बच्चों के साथ लगाए ठुमके
मुम्बई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका की पहली महिला मिशेल ओबामा शनिवार को यहां पहुंचने के बाद मुम्बई विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचीं। मिशेल ने यहां अनाथ बच्चों के साथ बॉलीवुड के गीत 'रंग दे बसंती' पर ठुमके लगाए।
विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में आयोजित समारोह में शिरकत करने पुहंचीं मिशेल (46) अनाथ और शारीरिक रूप से कमजोर बच्चों के बीच घरेलू माहौल और अपनापन महसूस कर रही थीं। इस कार्यक्रम का आयोजन एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) ने किया था।
इस दौरान मिशेल ने बच्चों के साथ 'रंग दे बसंती' गाने पर भांगड़ा नृत्य कर सबको चकित कर दिया। उन्होंने बच्चों को अपना ढेर सारा प्यार दिया।
उन्होंने बच्चों के साथ बातचीत में बताया, "हमारे पास बहुत पैसे नहीं थे, लेकिन इसके लिए हमने कठिन परिश्रम किया। मैंने अमेरिका की प्रथम महिला बनने के बारे में कभी नहीं सोचा था, लेकिन जब समय आया तो मैं इसके लिए तैयार थी।"
कुछ ही समय में बच्चों से घुली मिलीं मिशेल ने वहां पर डफ भी बजाया और बच्चों से ढेर सारी बातें कीं। उन्होंने वहां उपस्थित सभी लोगों पर अपनी अमिट छाप छोड़ी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications