फॉरवर्ड ब्लॉक के छात्रों ने किया ओबामा दौरे का विरोध
कोलकाता, 6 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ वाम मोर्चा सरकार का घटक दल ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (एआईएफबी) की छात्र इकाई के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को यहां के युनाइटेड स्टेट्स इन्फॉर्मेशन सर्विस (यूएसआईएस) की इमारत के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
चार दिवसीय भारत दौरे पर आए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के मुम्बई पहुंचने के कुछ ही देर बाद छात्र ब्लॉक ने शहर के बीचोबीच प्रदर्शन का आयोजन किया।
प्रदर्शकारी हाथों में तख्तियां लिए हुए थे, जिन पर लिखा था- 'बराक वापस जाओ' और कहा गया कि वे अमेरिका के खिलाफ हैं, क्योंकि उसकी 'नीतियां साम्राज्यवादी हैं और वह इराक एवं अफगानिस्तान में सैनिक हमले करवा रहा है।'
एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "ओबामा अमेरिका के व्यापारिक हित साधने के लिए भारत आए हैं। उनकी यात्रा भारत के हित में नहीं है।"
प्रदर्शन के दौरान यूएसआईएस परिसर को घेरे हुए छात्र ब्लॉक के कार्यकर्ताओं और सुरक्षा बलों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
उल्लेखीय है कि फॉरवर्ड ब्लॉक के सांसद आठ नवंबर को संसद भवन में होने वाले ओबामा के संबोधन का बहिष्कार करने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications