गूगल ने फेसबुक के जीमेल संपर्को के उपयोग पर रोक लगाई
न्यूयार्क, 6 नवंबर (आईएएनएस)। गूगल ने अपनी ईमेल सेवा जीमेल के संपर्क सोशल नेटवर्किं ग साइट फेसबुक द्वारा उपयोग किए जाने पर रोक लगा दी है।
अब तक फेसबुक उपयोगकर्ता अपने जीमेल अकाउंट में मौजूद संर्पकों को फेसबुक अकाउंट में आसानी से प्राप्त कर लेते थे। फेसबुक अकाउंट बनाते समय जीमेल का यूजर आईडी और पासवर्ड डालने पर उपयोगकर्ता को अपने जीमेल अकाउंट के सभी संपर्क फेसबुक पर प्राप्त हो जाते थे।
समाचार पत्र 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' में शुक्रवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक गूगल के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि कम्पनी का यह नीतिगत बदलाव इस बात के चलते किया गया है कि "उपयोगकर्ता इस बात के प्रति जागरुक नहीं होते कि उनके संपर्को का उपयोग फेसबुक जैसी साइट्स पर होने से उनका आसानी से दुरुपयोग हो सकता है।"
गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एरिक शेमिड ने हाल ही में कहा था कि गूगल को फेसबुक उपयोगकर्ताओं के संपर्क प्राप्त होने की उम्मीद है जिससे गूगल पर उपयोगकर्ताओं को अपने संपर्को का विस्तार करने का मौका मिले। उन्होंने कहा था कि यदि फेसबुक ऐसा नहीं करती तो उसके पास अन्य विकल्प मौजूद हैं।
फेसबुक ने गूगल की इस बात पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications