सुषमा-ओबामा वार्ता के मुद्दे तय करेगा भाजपा समूह
नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी दलों का समूह रविवार को बैठक कर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज के बीच होने वाली वार्ता के मुद्दे तय करेगा।
भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी के अनुसार भाजपा और उसके सहयोगी दल वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर मुद्दे तय करेंगे।
भाजपा के एक नेता ने बताया कि बैठक में अन्य नेताओं के साथ सुषमा स्वराज और राज्यसभा में उनके समकक्ष अरुण जेटली भाग लेंगे।
ओबामा रविवार को मुम्बई से दिल्ली पहुंच रहे हैं। उनकी स्वराज के साथ वार्ता सोमवार को तय है।
उल्लेखनीय है कि मुम्बई में अपने पहले संबोधन में ओबामा ने आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पाकिस्तान का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया। इससे भारत के मुख्य विपक्षी दल में काफी नाराजगी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications