ओबामा यात्रा : 'आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ सहयोग बढ़ाना मकसद' (राउंडअप)

ओबामा ने मुम्बई हमले पर गहरा अफसोस जताया, लेकिन इसके लिए जिम्मेदार पाकिस्तान का नाम नहीं लिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ओबामा के बयान को निराशाजनक बताया। पार्टी ने शनिवार को कहा कि उसे अमेरिकी राष्ट्रपति से आतंकवाद पर जोरदार बयान की उम्मीद थी।

अपने संबोधन में ओबामा ने कहा कि मुम्बई हमले की तस्वीरों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस शहर को दहलाने की कोशिश करने वालों के मंसूबे पूरी तरह नाकाम रहे।

ओबामा अपनी पत्नी मिशेल ओबामा के साथ शनिवार को भारत की आधिकारिक यात्रा पर मुम्बई पहुंचे। मुम्बई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ओबामा का विशेष विमान एयरफोर्स-वन स्थानीय समयानुसार दोपहर 12.50 बजे उतरा।

हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी के लिए अल्पसंख्यक एवं कारपोरेट मामलों के केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और भारत में अमेरिकी राजदूत टिमोथी जे. रोमर के अलावा कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

ओबामा मुम्बई पहुंचने के फौरन बाद हेलीकॉप्टर मरीन-वन में सवार होकर वहां से आईएनएस शिक्रा गए और फिर ताजमहल होटल पहुंचे।

उन्होंने ताज होटल में 26/11 के हमले में मारे गए लोगों की याद में बने स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और हमले में जीवित बचे कुछ लोगों और कुछ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

इस मौके पर ओबामा ने कहा, "मुम्बई 21वीं सदी में भारत की ताकत का प्रतीक है। इसी तरह ताज होटल भी समृद्धि का प्रतीक है।"

उन्होंने कहा "यहां आने का मकसद यह संदेश देना है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ाना है। मैं दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ इस मुद्दे पर बातचीत करूंगा। भारत और अमेरिका अपने लोगों की सुरक्षा और समृद्धि के लिए मिलकर काम करेंगे।"

ओबामा मुम्बई के उसी ताज होटल में ठहरे हैं जहां लगभग दो साल पहले पाकिस्तान से आए आतंकवादियों के हमले में कई जानें गई थीं। उनका इस होटल में रुकना प्रतीकात्मक और महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि उसे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से आतंकवाद पर एक जोरदार बयान की उम्मीद थी।

भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने संवाददाताओं को बताया, "बराक ओबामा का भाषण निराशाजनक था। हम अमेरिकी राष्ट्रपति से 26/11 के मुम्बई हमले पर एक जोरदार बयान की उम्मीद कर रहे थे।"

ओबामा ने महात्मा गांधी को न केवल भारत, बल्कि दुनिया का नायक बताया। उन्होंने यह बात मणि भवन का दौरा करने के बाद कही।

मणि भवन के 30 मिनट के दौरे के बाद आगंतुक पुस्तिका में ओबामा ने लिखा, "चूंकि मुझे गांधी के जीवन से जुड़े इस स्थल के दर्शन का अवसर प्राप्त हुआ है, लिहाजा मैं आशा और प्रेरणा से भर उठा हूं। वह नायक हैं, सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए।"

ओबामा के साथ आईं उनकी पत्नी मिशेल ने आगंतुक पुस्तिका में लिखा, "इस यात्रा को मैं हमेशा संजोए रखूंगी। गांधी के जीवन और उनकी सीखों को दुनिया भर में हमारे बच्चों को हर हाल में बांटा जाना चाहिए।"

ओबामा ने अमेरिका में मानवाधिकार के अगुवा रहे मार्टिन लूथर किंग द्वारा आगंतुक पुस्तिका में लिखी गई टिप्पणियों को भी पढ़ा। किंग ने 1959 में मणि भवन का दौरा किया था।

मुम्बई में वर्ष 2008 में 26/11 को हुए आतंकी हमले में अपनों को खोने के बावजूद ताज होटल में ठहरे मेहमानों को बचाने में बहादुरी का परिचय देने वाले होटल के महाप्रबंधक कर्मबीर सिंह कंग की ओबमा ने खासतौर पर प्रशंसा की।

कंग ने इस हमले में अपनी पत्नी नीति और दो बेटों उदय (14) और समर (5) को खो दिया, जो ताज होटल की छठी मंजिल पर ठहरे हुए थे। अपने परिजनों को खोने के बावजूद कंग होटल में मौजूद मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटे रहे।

ओबामा ने भारतीय नौकरानी सांड्रा सैमुअल की भी सराहना की जिसने एक यहूदी दंपति के बच्चे को बचाने में काफी बहादुरी का परिचय दिया था।

ओबामा रविवार को नई दिल्ली पहुंचेंगे और भारत ेकी राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय नेताओं से मुलाकात करने के बाद मंगलवार को इंडोनेशिया के लिए रवाना होंगे। वह अफगानिस्तान से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। वह दक्षिण कोरिया और जापान भी जाएंगे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+