ओबामा यात्रा : दिल्ली में 5 स्तरीय सुरक्षा घेरे में होंगे ओबामा
एक अधिकारी के अनुसार ओबामा के अन्य तीन घेरों की सुरक्षा में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड्स (एनएसजी), अर्धसैनिक बल और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।
ओबामा रविवार को दिल्ली पहुंचेंगे। इस दिन राष्ट्रपति हुमायूं का मकबरा देखने के बाद राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद ओबामा का प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात का कार्यक्रम है। सोमवार को वह संसद को संबोधित करेंगे।
ओबामा का दिल्ली में आईटीसी मौर्या होटल में ठहरने का कार्यक्रम है। यहां उनकी सुरक्षा में एनएसजी कमांडो और जवान तैनात रहेंगे। राजधानी में ओबामा का काफिला जिन रास्तों से गुजरेगा वहां दिल्ली पुलिस का त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात रहेगा।
एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "करीब 250 एनएसजी कमांडो और गार्ड होटल की सुरक्षा में तैनात रहेंगे। होटल के आसपास की ऊंची इमारतों से एनएसजी के निशानेबाज सुरक्षा पर नजर रखेंगे। इसके अलावा होटल के समीप बनाए गए मचानों पर भी निशानेबाज मौजूद रहेंगे।"
उल्लेखनीय है कि होटल के सामने घनी हरियाली का क्षेत्र है। अमेरिकी खुफिया सुरक्षा अधिकारियों को आशंका है कि किसी तरह की परेशानी उत्पन्न करने वाले इस जगह का इस्तेमाल छुपने के लिए कर सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि होटल सरदार पटेल मार्ग पर स्थित है। रात के समय इस मार्ग को फ्लडलाइट से रौशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ओबामा की सुरक्षा में दिल्ली पुलिस के हजारों जवानों के अलावा अर्धसैनिक बलों की 15 कंपनियों को लगाया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जिन रास्तों से निकलेंगे, उन रास्तों पर यातायात पर पाबंदी रहेगी।
उधर, संसद के सुरक्षा अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस से सोमवार को संसद आने वाले लोगों और उनके वाहनों की सघन जांच करने के लिए कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications