पेलोसी ने डेमोक्रेट नेता बने रहने की इच्छा जताई
वाशिंगटन, 6 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी कांग्रेस के सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी को मिली करारी हार के बावजूद सदन की स्पीकर नैन्सी पेलोसी ने सदन में डेमोक्रेट की नेता बने रहने की इच्छा जताई है।
हाल में संपन्न हुए चुनाव में हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में रिपब्लिकन का बहुमत हो गया। सीनेट में डेमोक्रेट अपने को बहुमत में रखने में कामयाब रहे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पेलोसी ने माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट 'ट्विटर' के जरिए कहा कि वह सदन में डेमोक्रेट का नेता बनने की दौड़ में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और डेमोक्रेट की उपब्धियों के संरक्षण के लिए यह जरूरी है।
अगर पेलोसी फिर से चुन ली जाती हैं तो हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में अल्पमत वाली पार्टी की नेता होंगी। इससे पहले अल्पमत में रही रिपब्लिकन की ओर से जॉन बोएनर अपनी पार्टी के नेता थे और अब उनके स्पीकर बनने की उम्मीद है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications