सेंसेक्स 973 अंक बढ़कर नई ऊंचाई पर (साप्ताहिक समीक्षा)
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 972.62 अंक (4.86 प्रतिशत) बढ़कर 21,004 अंक के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ।
इस सप्ताह सेंसेक्स ने कारोबार के दौरान 21,108.64 अंक का सर्वकालिक उच्चतम स्तर छुआ। दीवाली के दिन शुक्रवार को एक घंटे की विशेष मुहूर्त कारोबार अवधि में सेंसेक्स ने पहली बार 21,000 अंक का मनोवैज्ञानिक स्तर पार किया।
पिछले एक साल में सेंसेक्स में 4,846.68 अंक (30 प्रतिशत) की तेजी दर्ज की गई है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी इस सप्ताह 6,300 अंक के ऊपर बंद हुआ। शुक्रवार को निफ्टी करीब 0.60 अंक बढ़कर सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।
कोल इंडिया लिमिटेड के शेयर में शानदार कारोबार के चलते भारतीय शेयर बाजारों में खरीदारी का रुख बना। कोल इंडिया का शेयर अपने इश्यू प्राइज 245 रुपये की तुलना में गुरुवार को कारोबार के पहले दिन 40 प्रतिशत बढ़कर 342.35 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। शुक्रवार को भी इस शेयर में तेजी जारी रही और यह 2.13 प्रतिशत बढ़कर 349.65 अंक पर पहुंच गया।
इस सप्ताह बैंकिंग और ऑटो क्षेत्र के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी रही। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का शेयर शुक्रवार को 3,489.55 अंक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया। दीपावली के दिन विशेष सत्र में कारोबार के दौरान इसके शेयर में 1.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान टाटा मोटर्स के शेयर में भी 0.9 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
इस सप्ताह दुनियाभर के ज्यादातर बाजार तेजी के साथ बंद हुए। अमेरिका का डाउ जोंस औद्योगिक सूचकांक इस सप्ताह 0.08 प्रतिशत बढ़कर 11,444.10 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक 0.06 प्रतिशत और एस एण्ड पी 500 सूचकांक 0.39 प्रतिशत बढ़कर बंद हुआ।
एशियाई बाजार भी इस सप्ताह बढ़त के साथ बंद हुए। शंघाई कम्पोजिट सूचकांक 1.38 प्रतिशत बढ़कर 3,129.50 अंक पर बंद हुआ।
हांग-कांग का हेंग सेंग सूचकांक 1.39 प्रतिशत और जापान का सूचकांक 2.86 प्रतिशत बढ़कर बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications