ओबामा यात्रा : 'नाकाम रहे मुम्बई के हमलावरों के मंसूबे' (लीड-4)
ओबामा अपनी पत्नी मिशेल ओबामा के साथ शनिवार को भारत आधिकारिक यात्रा पर मुम्बई पहुंच गए। मुम्बई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ओबामा का विशेष विमान एयरफोर्स-वन स्थानीय समयानुसार दोपहर 12.50 बजे उतरा।
हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी के लिए अल्पसंख्यक एवं कारपोरेट मामलों के केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और भारत में अमेरिकी राजदूत टिमोथी जे. रोमर के अलावा कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
ओबामा मुम्बई पहुंचने के फौरन बाद हेलीकॉप्टर मरीन-वन में सवार होकर वहां से आईएनएस शिक्रा गए और फिर ताजमहल होटल पहुंचे।
सबसे पहले उन्होंने ताज होटल में 26/11 के हमले में मारे गए लोगों की याद में बने स्मारक पर श्रृद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मुम्बई हमले में जीवित बचे कुछ लोगों और कुछ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
इसा मौके पर अपने संबोधन में ओबामा ने कहा, "मुम्बई 21वीं सदी में भारत की ताकत का प्रतीक है। इसी तरह ताज होटल भी सृमद्धि का प्रतीक है। मुम्बई पर हमला करने वाले इस शहर और देश का हौसला पस्त करना चाहते थे लेकिन वे विफल रहे।"
उन्होंने कहा "मेरी मुम्बई यात्रा को लेकर कहा जा रहा था कि मैं इसके जरिए कोई संदेश देना चाहता हूं। मैं इसके जवाब में कहूंगा कि 'हां निश्चित तौर पर'। यहां आने का मकसद यह संदेश देना है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ाना है। भारत और अमेरिका अपने लोगों की सुरक्षा और समृद्धि के लिए मिलकर काम करेंगे।"
उन्होंने मुम्बई हमले का जिक्र करते हुए कहा, "26/11 की तस्वीरों को अमेरिकी लोगों ने भी देखा। उन तस्वीरों को भुलाया नहीं जा सकता है। इस होटल से धुआं उठते हुए हम सभी ने देखा। इस हमले के दौरान पूरा अमेरिका भारत के साथ खड़ा था। हम मुम्बई हमले को नहीं भूल सकते।"
उन्होंने कहा, "मुम्बई पर हमला करने वालों का मकसद यहां धार्मिक आधार पर टकराव पैदा करना था। परंतु मुम्बई और भारत की जनता ने हमलावरों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। हमले के अगले दिन ही मुम्बई के लोगों ने साहस का परिचय दिया और अपने काम पर लौटे। वाकई यह काबिले तारीफ है।"
आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग पर बल देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हैं। हमारे बीच सहयोग बढ़ा है। मैं दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ इस पर भी बातचीत करूंगा।"
राष्ट्रपति ओबामा के तीन दिवसीय भारत दौरे पर पूरी दुनिया की निगाहें हैं। राजनयिक हलकों से लेकर कारपोरेट जगत, हर कोई इस दौरे को अपने नजरिए से देख रहा है। ओबामा मुम्बई के उसी ताज होटल में ठहरे हैं जहां लगभग दो साल पहले पाकिस्तान से आए आतंकवादियों के हमले में कई जानें गई थीं। इस लिहाज से उनका इस होटल में रुकना प्रतीकात्मक और महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुम्बई में उनका कार्यक्रम बेहद व्यस्त है। ओबामा मुम्बई के एक स्कूल का दौरा करेंगे जहां वह बच्चों के साथ दीपावली का जश्न मनाएंगे। वह सेंट जेवियर्स कॉलेज भी जाएंगे। इसके बाद वह भारतीय उद्यमियों से मुलाकात करेंगे।
ओबामा रविववार को दिल्ली पहुंचेंगे जहां वह भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ एक निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे। इसके अगले दिन वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनका हुमायूं का मकबरा जाने का भी कार्यक्रम है।
इसके बाद ओबामा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे और फिर दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने सम्मान में आयोजित भोज से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीय संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के लिए रवाना होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications