हिमाचल में शुरू होगी हेली-टैक्सी
पर्यटन निदेशक अरुण शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि इस सेवा के लिए सरकार ने तीन कम्पनियों-सिम सैम एयरलाइंस, मेस्को एयरलाइंस ओर शिवा एयरलाइंस को चुना है।
उनके साथ उड़ान के क्षेत्रों और किराये आदि पर बातचीत जारी है।
उन्होंने आगे कहा कि इन कम्पनियों द्वारा इंडियन ऑयल के साथ ईंधन की कीमते तय किए जाने के बाद अगले कुछ ही दिनों में सरकार के साथ सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है।
पर्यटन विभाग ने हेली टैक्सी सेवा के लिए पूरे राज्य में 57 हेलीपैड की पहचान की है।
उन्होंने कहा कि शुरू में यह सेवा दिल्ली और चंडीगढ़ से हिमाचल के सभी जिला मुख्यालयों के लिए शुरू की जाएगी। बाद में इसे प्रमुख पर्यटन स्थलों से जोड़ा जाएगा।
क्लार्क होटल के महा प्रबंधक डी.पी. भाटिया ने कहा कि हेली टैक्सी सेवा से निश्चित रूप से राज्य में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। साथ ही बौद्ध यात्रियों की संख्या भी बढ़ेगी।
हिमाचल बौद्ध धर्म का एक प्रमुख केंद्र है। तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा ने इस राज्य के एक शहर धर्मशाला को अपना केंद्र बनाया है। इसके अलावा राज्य में कई प्रमुख बौद्ध मठ हैं। इनमें से कुछ तो हजार वर्ष पुराने तक हैं।
पिछले साल राज्य ने एक करोड़ से अधिक पर्यटकों को आकर्षित किया था, जिसमें से चार लाख विदेशी पर्यटक थे।
कुल्लू और मनाली, शिमला, धर्मशाला, आदि राज्य के प्रमुख पर्यटक केंद्र हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications