पूर्वोत्तर में नए कार्यालय खोलेगा आरबीआई
त्रिपुरा के वित्त एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री बादल चौधरी ने आरबीआई से जारी अधिसूचना का उल्लेख करते हुए कहा, "आरबीआई ने पूर्वोत्तर के छह राज्यों अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय में चरणबद्ध तरीके से अपने उप-कार्यालय खोलेगा।"
मंत्री के मुताबिक यह निर्णय आरबीआई की वर्ष 2010-11 की दूसरी तिमाही की मौद्रिक समीक्षा के अंतर्गत लिया गया।
चौधरी ने कहा, "पूर्वोत्तर में आरबीआई के ये कार्यालय शुरू होने के बाद क्षेत्र के राष्ट्रीयकृत, स्थानीय ग्रामीण बैंक और निजी बैंकों का बेहतर नियंत्रण किया जा सकेगा।"
मंत्री ने कहा, "हम इस क्षेत्र में लोगों को वित्तीय मदद बढ़ाने और ऋण-जमा अनुपात में वृद्धि के लिए पिछले 12 साल से आरबीआई कार्यालय खोले जाने की मांग कर रहे थे।"
उन्होंने कहा कि अभी पूर्वोत्तर के इलाकों में राष्ट्रीयकृत बैंकों की ओर से कर्ज प्रवाह काफी कम है।
चौधरी ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्रीय वित्त मंत्री के हस्तक्षेप के बावजूद पूर्वोत्तर में वाणिज्यिक बैंकों का ऋण-जमा अनुपात पिछले कई साल से 30 प्रतिशत के बेहद कम स्तर पर बना हुआ है इसे कम से कम 50 प्रतिशत तक बढ़ाया जाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications