ओबामा यात्रा: 'मुम्बई हमले की तस्वीरें भुली नहीं जा सकतीं'(लीड-3)

मुम्बई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने आतंकवाद के खिलाफ भारत और अमेरिका के बीच सहयोग को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि दो साल हुए पहले मुम्बई हमले की तस्वीरों को भूला नहीं जा सकता।

ओबामा अपनी पत्नी मिशेल ओबामा के साथ शनिवार को भारत आधिकारिक यात्रा पर मुम्बई पहुंच गए। मुम्बई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ओबामा का विशेष विमान एयरफोर्स-वन स्थानीय समयानुसार दोपहर 12.50 बजे उतरा। हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी के लिए अल्पसंख्यक एवं कारपोरेट मामलों के मंत्री सलमान खुर्शीद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और भारत में अमेरिकी राजदूत टिमोथी जे. रोमर के अलावा कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। ओबामा मुम्बई पहुंचने के फौरन बाद हेलीकॉप्टर मरीन-वन में सवार होकर वहां से आईएनएस शिक्रा गए और फिर ताजमहल होटल पहुंचे।

सबसे पहले उन्होंने ताज होटल में 26/11 के हमले में मारे गए लोगों की याद में बने स्मारक पर श्रृद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मुम्बई हमले में जीवित बचे कुछ लोगों और कुछ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

इसा मौके पर अपने संबोधन में ओबामा ने कहा, "मेरी मुम्बई यात्रा को लेकर कहा जा रहा था कि मैं इसके जरिए कोई संदेश देना चाहता हूं। मैं इसके जवाब में कहूंगा कि 'हां निश्चित तौर पर'। यहां आने का मकसद यह संदेश देना है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ाना है। भारत और अमेरिका अपने लोगों की सुरक्षा और समृद्धि के लिए मिलकर काम करेंगे।"

मुम्बई हमले का जिक्र करते हुए कहा, "26/11 की तस्वीरों को अमेरिकी लोगों ने भी देखा। उन तस्वीरों को भूला नहीं जा सकता। इस होटल से धुआं उठते हुए हम सभी ने देखा। इस हमले के दौरान पूरा अमेरिका भारत के साथ खड़ा था। हम मुम्बई हमले को नहीं भूल सकते।"

उन्होंने कहा, "मुम्बई पर हमला करने वालों का मकसद यहां धार्मिक आधार पर टकराव पैदा करना था। परंतु मुम्बई और भारत की जनता ने हमलावरों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। हमले के अगले दिन ही मुम्बई के लोगों साहसिक भावना का परिचय दिया और अपने काम पर लौटे। वाकई यह काबिले तारीफ है।"

आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग पर बल देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हैं। हमारे बीच सहयोग बढ़ा है। दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ इस पर भी बातचीत करूंगा।"

राष्ट्रपति ओबामा के तीन दिवसीय भारत दौरे पर पूरी दुनिया की निगाहें रहेंगी। राजनयिक हलके से लेकर कारपोरेट जगत, हर कोई इस दौरे को अपने नजरिए से जोड़कर देख रहा है। ओबामा मुम्बई के उसी ताज होटल में ठहरे हैंजहां दो साल पहले पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने भारी रक्तपात मचाया था। इस लिहाज से उनका इस होटल में रुकना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुम्बई में उनका कार्यक्रम बेहद व्यस्त है। ओबामा मुम्बई के एक स्कूल का दौरा करेंगे जहां वह बच्चों के साथ दीपावली का जश्न मनाएंगे। वह सेंट जेवियर्स कॉलेज भी जाएंगे। इसके बाद वह भारतीय उद्यमियों से मुलाकात करेंगे।

ओबामा रविववार को दिल्ली पहुंचेंगे जहां वह भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ एक निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे। इसके अगले दिन वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनका हुमायूं का मकबरा जाने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद ओबामा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे और फिर दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने सम्मान में आयोजित भोज से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीय संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के लिए रवाना होंगे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+