ओबामा यात्रा : चव्हाण ने भेंट की महाराष्ट्र पर पुस्तक
राष्ट्रपति ओबामा अपने विशेष विमान एयरफोर्स-वन से दोपहर करीब एक बजे मुम्बई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनके स्वागत के लिए केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के साथ चव्हाण भी मौजूद थे। विमान से उतरते ही चव्हाण ने पूरी गर्मजोशी के साथ ओबामा और मिशेल से हाथ मिलाया और उन्हें पुस्तक भेंट की। इसके अलावा उन्होंने मिशेल को गुलदस्ता भी दिया।
ओबामा की अगुवानी करने के बाद चव्हाण ने एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा, "मैं राष्ट्रपति ओबामा के स्वागत के लिए हवाई अड्डे पर पहुंचा था। मैंने उन्हें और उनकी पत्नी को महाराष्ट्र पर एक काफी टेबल बुक तोहफे में दी। इस पुस्तक में महाराष्ट्र के बारे में पूरी जानकारी है और इसमें राज्य के प्रमुख जगहों की अनोखी तस्वीरें हैं।"
चव्हाण ने कहा, "मैंने राष्ट्रपति ओबामा से आग्रह किया है कि वह इस पुस्तक को व्हाइट हाउस में ले जाकर रखें। मेरा मानना है कि व्हाइट हाउस में जब भी वह इस पुस्तक को देखेंगे तो उन्हें महाराष्ट्र याद आएगा। मेरे इस तोहफे को ओबामा और उनकी पत्नी ने सहर्ष किया और मुझे धन्यवाद दिया।"
गौरतलब है कि राष्ट्रपति ओबामा तीन दिनों की आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। इसके बाद वह इंडोनेशिया, जापान और दक्षिण कोरिया का दौरा भी करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications