ओबामा के दौरे में पाकिस्तान शामिल न होने से मुशर्रफ निराश
मुशर्रफ ने एमएसएनबीसी टेलीविजन से कहा, "मैं इसे निराशाजनक कहूंगा, जी हां, वाकई में यह ऐसा ही है।"
मुशर्रफ ने कश्मीर के बारे में कुछ न बोलने को लेकर भी ओबामा की निंदा की है। मुशर्रफ ने कहा, "यह पाकिस्तान की जनता के साथ ठीक नहीं है।"
मुशर्रफ ने कहा, "पाकिस्तानी नागरिक इसे इस रूप में लेते हैं कि अमेरिका या अमेरिकी राष्ट्रपति, पाकिस्तान की संवेदनशीलता और उसके हितों के प्रति चिंतित नहीं हैं।"
पाकिस्तान पर मुशर्रफ के शासन के दौरान अमेरिका ने 9/11 के बाद अपने पश्चिमी सहयोगियों के साथ मिल कर अफगानिस्तान पर हमला किया था। मुशर्रफ को 2008 में सत्ताच्युत होना पड़ा था और उसके बाद उन्होंने पाकिस्तान छोड़ दिया था। फिलहाल वह लंदन में निवास कर रहे हैं।
कई अमेरिकी नीति नियामकों के लिए यह बात सोच से भी परे है कि ओबामा लम्बे समय से प्रचारित किए जा रहे भारत दौरे के दौरान पाकिस्तान की यात्रा करते। क्योंकि ओबामा यह दिखाना चाहते हैं कि वह भारत को एक वैश्विक ताकत के रूप में देखते हैं, न कि एक क्षेत्रीय ताकत के रूप में।
लेकिन ओबामा को एक नाजुक संतुलन बनाए रखना है, क्योंकि उन्होंने पाकिस्तान को यह समझाने की कोशिश की है कि वह उसे अफगानिस्तान में युद्ध के लिए महज एक रास्ते के रूप में ही नहीं देखते।
इसी मद्देनजर ओबामा ने अपने भारत दौरे के पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को भविष्य में वाशिंगटन आने का निमंत्रण दिया था और घोषणा की थी कि अगले वर्ष वह पाकिस्तान का दौरा करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications