अफगानिस्तान में 100 से अधिक आतंकवादियों का आत्मसमर्पण
काबुल, 5 नवंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में पिछले कुछ सप्ताहों में 100 से अधिक तालिबान आतंकवादियों ने सरकार के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' के मुताबिक उत्तरी प्रांत के पुलिस कमांडर मोहम्मद दाऊद ने बताया, "पिछले कुछ सप्ताहों में 100 से अधिक आतंकवादियों ने आत्मसमर्पण कर कुंदुज, तकहार, बाघलान और फर्याब प्रांतों में शांति प्रक्रिया में शामिल हुए हैं। इनमें कई महत्वपूर्ण कमांडर शामिल हैं।"
उन्होंने बताया कि पूर्व आतंकवादी शांति प्रक्रिया का समर्थन कर रहे हैं। इससे उत्तरी प्रांत में सुरक्षा की स्थितियों में महत्वपूर्ण सुधार होगा।
उन्होंने बताया कि 'अफगान नेशनल पुलिस' (एएनपी), 'अफगान नेशनल आर्मी' (एएनए) और उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की नेतृत्व वाली 'इंटरनेशनल सेक्युरिटी असिस्टेंस फोर्स' (आईएसएएफ) ने आतंकवादियों के गढ़ पर कब्जा करने के लिए पूरे उत्तरी क्षेत्र में अभियान चलाया है।
अधिकारी ने बताया कि ताजिकिस्तान से लगने वाली तकहार प्रांत के कई हिस्सों से आतंकवादियों का सफाया हो गया है। अभियान से बचने के लिए आतंकवादी पर्वतीय इलाकों में भाग गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications