पाक में विस्फोट और विमान दुर्घटना में 80 से अधिक की मौत (राउंडअप)
इस्लामाबाद, 5 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में शुक्रवार को हुए आत्मघाती हमले और विमान दुर्घटना में 80 से अधिक लोगों की मौत हो गई।
पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के खबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहट शहर की एक मस्जिद में एक आत्मघाती हमले में कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हो गए।
सिंध प्रांत की राजधानी कराची हवाई अड्डे के निकट एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार कम से कम 21 यात्रियों की मौत हो गई।
सरकारी टेलीविजन चैनल पीटीवी के मुताबिक शुक्रवार को नमाज के वक्त कोहट के नजदीक दारा अदम खेल के अखुरवाल क्षेत्र की एक मस्जिद में यह हमला हुआ। मस्जिद समीना पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थिति है जहां लोगों की अच्छी संख्या है।
कोहट के जिला समन्वय अधिकारी शाहीदुल्ला ने कहा, "विस्फोट के कारण मस्जिद की छत ढह गई और मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।"
उन्होंने कहा कि मौके पर एम्बुलेंस पहुंच गए हैं और पास के अस्पतालों में आपातकाल की घोषणा कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बचाव एवं राहत कार्य पूरा होने के बाद ही मरने वालों की संख्या के बारे में बताया जा सकता है।
अधिकारी ने कहा कि विस्फोट की प्रकृति के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
दारा अदम खेल के रहने वाले सीनेटर हाजी रज्जाक ने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति ठीक नहीं है और आतंकवादियों से हमले की धमकी मिल रही है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, "क्षेत्र में इलाज की सुविधा ठीक नहीं है। यह क्षेत्र पेशावर से करीब 70 किलोमीटर दूर है।"
समाचार चैनल जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, "घायलों को कोहट और पेशावर के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। बचाव और राहत कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं।" रिपोर्ट के मुताबिक आत्मघाती हमलावर की उम्र 17-18 वर्ष थी।
स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यह इलाका अफगानिस्तान की सीमा से करीब है। इस इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षा बल आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।
उधर, निजी एयरलाइंस जेएस एयर के विमान ने कराची हवाई अड्डे से भीट शाह के लिए उड़ान भरी थी लेकिन कुछ समय बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
समाचार चैनल 'आज टीवी' के मुताबिक विमान का संचालन इटली की एक निजी विमानन कम्पनी द्वारा किया जाता था। विमान को तेल कम्पनी के कर्मचारियों को लाने और ले जाने के काम में लगाया गया था।
इससे पहले जियो टीवी के हवाले से खबर दी गई थी कि विमान का संचालन एक अमेरिकी कम्पनी द्वारा किया जाता था।
नागरिक उड्डयन विभाग के प्रवक्ता परवेज जॉर्ज ने बताया, "विमान का ब्लैक बाक्स बरामद कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरु कर दी गई है।"
जेएस एयरलाइंस के प्रवक्ता नदीम हनीफ ने कहा कि उड़ान के समय विमान पूरी तरह से ठीक था और तकनीकी स्टाफ द्वारा अच्छे तरीके से जांच की गई थी।
नागरिक उड्डयन विभाग के महानिदेशक एयर कोमोडोर (सेवानिवृत) नसीम हमीद ने कहा कि विमान में सवार सभी यात्रियों की मौत हो गई और सभी शवों को आगा खान अस्पताल भेजा गया है।
प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने विमान हादसे में मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख प्रकट करते हुए अधिकारियों को इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
समाचार चैनल 'जियो टीवी' के मुताबिक प्रधानमंत्री ने एक बयान जारी कर कहा कि विमान हादसे में मारे गए यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की मौत से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है।
बयान के मुताबिक गिलानी ने अधिकारियों से इस हादसे की जांच रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर सौंपने का निर्देश जारी किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications