इंडोनेशिया में ज्वालामुखी में फिर विस्फोट, 13 मरे
जकार्ता, 5 नवंबर (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के मध्य जावा प्रांत में खतरनाक हो चुके 'मेरापी' ज्वालामुखी में पुन: विस्फोट होने से 13 लोगों को अपनी जान गवांनी पड़ी जबकि लगभग 10 लाख लोगों को विस्थापित होना पड़ा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक माउंट मेरापी नामक इस ज्वालामुखी में दोबारा विस्फोट होने से 57 लोग घायल भी हुए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक 2,968 मीटर ऊंचे ज्वालामुखी में विस्फोट लगभग 12 बजे देर रात को हुआ। विस्फोट के बाद उसकी राख 45 किलोमीटर के इलाके में फैल गई है।
ज्वालामुखी विज्ञान एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि मेरापी ज्वालामुखी में होने वाला यह विस्फोट काफी खतरनाक है।
ज्वालामुखी की राख में कम से कम पांच घर पूरी तरह से दब गए हैं। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक 13 लोग मारे गए हैं और 57 अन्य घायल हुए हैं। शवों को पोस्टर्माटम के लिए भेज यिा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications