पश्मिोत्तर पाकिस्तान की मस्जिद में आत्मघाती हमला, 60 मरे (लीड-2)
अवैस सलीम
इस्लामाबाद, 5 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के खबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहट शहर की एक मस्जिद में शुक्रवार को हुए आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हो गए।
सरकारी टेलीविजन चैनल पीटीवी के मुताबिक शुक्रवार को नमाज के वक्त कोहट के नजदीक दारा अदम खेल के अखुरवाल क्षेत्र की एक मस्जिद में यह हमला हुआ। मस्जिद समीना पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थिति है जहां लोगों की अच्छी संख्या है।
कोहट के जिला समन्वय अधिकारी शाहीदुल्ला ने कहा, "विस्फोट के कारण मस्जिद की छत ढह गई और मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।"
उन्होंने कहा कि मौके पर एम्बुलेंस पहुंच गए हैं और पास के अस्पतालों में आपातकाल की घोषणा कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बचाव एवं राहत कार्य पूरा होने के बाद ही मरने वालों की संख्या के बारे में बताया जा सकता है।
अधिकारी ने कहा कि विस्फोट की प्रकृति के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
दारा अदम खेल के रहने वाले सीनेटर हाजी रज्जाक ने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति ठीक नहीं है और आतंकवादियों से हमले की धमकी मिल रही है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, "क्षेत्र में इलाज की सुविधा ठीक नहीं है। यह क्षेत्र पेशावर से करीब 70 किलोमीटर दूर है।"
समाचार चैनल जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, "घायलों को कोहट और पेशावर के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। बचाव और राहत कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं।" रिपोर्ट के मुताबिक आत्मघाती हमलावर की उम्र 17-18 वर्ष थी।
स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यह इलाका अफगानिस्तान की सीमा से करीब है। इस इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षा बल आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications