दिल्ली में उमंग के साथ मनाई जा रही दीपावली
यहां के घरों, दुकानों और मंदिरों में लक्ष्मी पूजा की तैयार की जा रही है। लोग आपस में मिठाइयों का आदान-प्रदान कर रहे हैं।
छात्रा शिवा चावला को दीपावली में विशेष भोजन पसंद है जो उनकी मां हर बार बनाती हैं। शिवा ने कहा, "सुबह के समय मैं अपने माता-पिता के साथ मंदिर गई। इसके बाद हम पहाड़गंज स्थित अपनी दुकान में गए और वहां लक्ष्मी पूजा की। हमने गरीबों में दान-दक्षिणा और मिठाइयां बांटीं।"
चण्डीगढ़ से आकर दिल्ली में पढ़ाई करने वाले पंकज सूरी ने बताया, "मैं यहां रह रही अपनी बड़ी बहन के घर उनके परिवार के साथ दीपावली मनाने गया। सुबह में पूजा के बाद हमने घरों को गेंदा फूल और रंगोलियों से सजाया।"
उन्होंने कहा, "हम कुछ रिश्तदारों के यहां जाएंगे और उन्हें उपहार एवं मिठाइयां देंगे। हमने रात में जलाने के लिए ढेर सारे पटाखे लिए हैं।"
यहां के घरों में फूलों और भगवान गणेश के आकार की रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाई जाती हैं।
गणेश के आकार की रंगोली बनाने वाली 24 वर्षीय कीर्ति मेहता ने कहा, "मैं रंगोली बनाने में रंगीन पाउडर का इस्तेमाल करती हूं, उस पर दीये, मोमबत्तियां और फूल की पंखुड़ियां बिखेर देती हूं।"
उन्होंने कहा, "शाम के समय घर की चौखट और बालकनी में हम दीये, मोमबत्तियां और फैंसी लाइट जलाते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications