पाकिस्तान विमान हादसे में 21 यात्रियों की मौत (लीड-6)
अवैस सलीम
इस्लामाबाद, 5 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में कराची हवाई अड्डे के निकट शुक्रवार को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार कम से कम 21 यात्रियों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
निजी एयरलाइंस जेएस एयर के विमान ने कराची हवाई अड्डे से भीट शाह के लिए उड़ान भरी थी लेकिन कुछ समय बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
समाचार चैनल 'आज टीवी' के मुताबिक विमान का संचालन इटली की एक निजी विमानन कम्पनी द्वारा किया जाता था। विमान को तेल कम्पनी के कर्मचारियों को लाने और ले जाने के काम में लगाया गया था।
इससे पहले जियो टीवी के हवाले से खबर दी गई थी कि विमान का संचालन एक अमेरिकी कम्पनी द्वारा किया जाता था।
समाचार चैनल 'आज तक' के मुताबिक विमान के चालक ने विमान के उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही इंजन में आई खराबी के बारे में नियंत्रण कक्ष से संपर्क स्थापित किया था।
नागरिक उड्डयन विभाग के प्रवक्ता परवेज जॉर्ज ने बताया, "विमान का ब्लैक बाक्स बरामद कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरु कर दी गई है।"
जेएस एयरलाइंस के प्रवक्ता नदीम हनीफ ने कहा कि उड़ान के समय विमान पूरी तरह से ठीक था और तकनीकी स्टाफ द्वारा अच्छे तरीके से जांच की गई थी।
नागरिक उड्डयन विभाग के महानिदेशक एयर कोमोडोर (सेवानिवृत) नसीम हमीद ने कहा कि विमान में सवार सभी यात्रियों की मौत हो गई और सभी शवों को आगा खान अस्पताल भेजा गया है।
बचाव दल के अधिकारियों के मुताबिक शव पूरी तरह से जले हुए हैं जिससे उनकी पहचान करना काफी कठिन है। उन्होंने कहा कि उनकी पहचान के लिए डीएनए परीक्षण कराए जाएंगे।
उधर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने कराची में शुक्रवार को हुए विमान हादसे में मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख प्रकट करते हुए अधिकारियों को इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
समाचार चैनल 'जियो टीवी' के मुताबिक प्रधानमंत्री ने एक बयान जारी कर कहा कि विमान हादसे में मारे गए यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की मौत से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है।
बयान के मुताबिक गिलानी ने अधिकारियों से इस हादसे की जांच रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर सौंपने का निर्देश जारी किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications