'ओबामा की यात्रा पर रोजाना 20 करोड़ डॉलर का खर्च नहीं'
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 5 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा पर प्रतिदिन होने वाले 20 करोड़ डॉलर के खर्च की मीडिया खबरों को अमेरिकी अधिकारियों ने खारिज कर दिया है। अधिकारियों ने इस राशि को 'गलत' और 'बढ़ाचढ़ाकर' पेश करने वाला बताया है।
वाइट हाउस के प्रेस सचिव राबर्ट गिब्स ने गुरुवार को कहा, "राष्ट्रपति ओबामा की भारत यात्रा पर होने वाला खर्च पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और जार्ज बुश की विदेश यात्राओं के अनुरूप है। ओबामा की प्रत्येक दिन की भारत यात्रा पर 20 करोड़ डॉलर का खर्च नहीं होने वाला है।"
उन्होंने मीडिया की उस खबर को भी खारिज किया जिसमें कहा गया है कि ओबामा अपनी सुरक्षा के लिए 34 युद्धपोत भारत ले जा रहे हैं।
पेंटागन के प्रवक्ता जियोफ मारेल ने बताया, "इस तरह की खबर हास्यास्पद है। इस तरह का कुछ भी नहीं होने जा रहा।"
उधर, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता माइक हैमर ने कहा कि खर्च के मामले में मीडिया ने खबरों को बढ़ाचढ़ाकर पेश किया गया है।
उन्होंने कहा, "मैं खर्च के मुद्दे पर नहीं जाना चाहता लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि इससे साख का सवाल जुड़ा हुआ है।"
एक भारतीय समाचार एजेंसी ने महाराष्ट्र सरकार के एक अधिकारी के हवाले से अमेरिकी राष्ट्रपति की यात्रा पर 'प्रत्येक दिन 20 करोड़ डॉलर के खर्च' की खबर दी थी।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रिपब्लिकन पार्टी की प्रतिनिधि मिशेल बैचमैन ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने इतना अधिक खर्च किए जाने के मुद्दे पर वाइट हाउस की तीखी आलोचना की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications