भारत आ रहे ओबामा ने दी दीपावली की बधाई
व्हाइट हाउस से जारी अपने संदेश में ओबामा ने कहा है, "कल (शुक्रवार) अमेरिका और समूचे विश्व में रहने वाले हिंदू, जैन, सिख और बौद्ध धर्म के लोग रोशनी का त्योहार दीपावली मनाएंगे। इस दिन दुनिया के सबसे पुराने धर्म से जुड़े लोग बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में यह पर्व मनाते हैं।"
यह याद दिलाते हुए कि पिछले वर्ष उन्होंने इस त्योहार के मौके पर व्हाइट हाउस में दीया जलाया था, ओबामा ने कहा, "यह दीया अंधकार पर प्रकाश और अज्ञानता पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है।"
उन्होंेने कहा कि दीपावली जरूरतमंद लोगों के बारे में सोचने का एक अवसर भी है। "यह पर्व याद दिलाता है कि हमें जरूरतमंदों की मदद का संकल्प लेना चाहिए।"
इस सप्ताह के अंत में अपनी भारत यात्रा का उल्लेख करते हुए आबमा ने कहा, "भारत में जो लोग दीपावली मना रहे हैं, उनसे कहना चाहता हूं कि मैं अगले कुछ दिनों में आपके बीच आ रहा हूं।"
अपनी शुभकामनाओं के साथ संदेश का अंत करते हुए ओबामा ने कहा है, "शुक्रवार को जो लोग आनंद का यह पर्व मनाने जा रहे हैं, उन्हें मैं शुभकामनाएं देता हूं। आपके परिवार और प्रियजनों की दीपावली खुशियों से भी हो। आप सबको साल मुबारक।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications