सोनिया 10 सबसे ताकतवर हस्तियों में शुमार (लीड-1)
पत्रिका ने कहा है, "इटली में जन्मी, धर्म से रोमन कैथोलिक और राजनीतिक अनिच्छा के बावजूद सोनिया का भारत के एक अरब से अधिक लोगों पर जबर्दस्त प्रभाव है।"
पत्रिका के मुताबिक गांधी रिकार्ड चौथी बार कांग्रेस की अध्यक्ष चुनी गई हैं। वह सही अर्थो में नेहरू-गांधी परिवार की उत्तराधिकारी हैं।
बुधवार को जारी सूची में शामिल अन्य भारतीय लोगों में दूरसंचार क्षेत्र के सुनील मित्तल 44वें और रतन टाटा 61 वें स्थान पर हैं।
जिंताओ विश्व के सबसे शक्तिशाली व्यक्ति माने गए हैं जो कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से आगे हैं। ओबामा पिछले साल की इस सूची में सर्वोच्च स्थान पर रहे थे।
पत्रिका के मुताबिक इस सूची में दुनिया की 6.8 अरब की आबादी केलिए मायने रखने वाले 68 लोगों को शामिल किया गया है।
फोर्ब्स की इस सूची में राष्ट्र प्रमुखों, धार्मिक नेताओं और उद्यमियों को शामिल किया गया है। फोर्ब्स ने कहा कि, "इन्हें चुना गया है क्योंकि ये लोग अपनी इच्छा के अनुसार दुनिया बदल सकते हैं।"
इस सूची में 10 सबसे शक्तिशाली लोगों में सऊदी अरब के शाह अब्दुला बिन अब्दुल अजीज अल सऊद (तीसरे), रूस के प्रधानमंत्री व्लादीमीर पुतिन (चौथे), पोप बेनेडिक्ट सोलहवें (पांचवें), जर्मनी की चांसलर एंजेला मार्केल (छठवें), ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन (सातवें) और अमेरिकी फेडरल रिजर्व बैंक के गवर्नर बेन बर्नान्के आठवें और माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स 10वें स्थान पर हैं।
इसके अलावा अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम और अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन फोर्ब्स की सबसे शक्तिशाली लोगों की सूची में शामिल हैं।
सूची में दाउद इब्राहिम 63 वें स्थान पर है। फोर्ब्स ने कहा, "वर्ष 1993 के बम धमाकों का आरोपी इब्राहिम भारत के लिए मोस्ट वांटेड है और वह मुम्बई स्थित 5,000 सदस्यों वाले अपराध संगठन डी-कम्पनी का प्रमुख है।"
पत्रिका ने अपनी वेबसाइट के जरिए कहा, "अमेरिका ने उसे वैश्विक आतंकवादी घोषित किया है। अमेरिकी सरकार का कहना है कि वह अलकायदा और लश्कर-ए-तैयबा के साथ जुड़ा हुआ है और तस्करी में हिस्सा प्राप्त करता है। लश्कर ने 2008 में मुंबई पर हमला किया था और संभव है कि इब्राहिम ने इसमें उसकी मदद की हो।"
ओसामा को पत्रिका ने इस सूची में 57 वें स्थान पर रखा है। पत्रिका ने कहा, "उसकी मौत की लगातार अफवाहों के बावजूद उसकी सांकेतिक ताकत बनी हुई है, युवा उसके नाम पर आत्मघाती बनने को तैयार हो जाते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications