उत्तराखण्ड के कई घरों में इस बार नहीं जलेंगे दीये
राज्यपाल मारग्रेट अल्वा ने प्रदेश के लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनसे अपील की है कि वे आपदाग्रस्त लोगों की मदद कर त्योहार को और अधिक उद्देश्यपूर्ण बना सकते हैं।
राज्य के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने भी कहा है कि पिछले दिनों आई आपदा को ध्यान में रखते हुए राज्य गठन दिवस पर मनाया जाने वाला उत्सव सादगीपूर्ण होगा। आपदा से हुई भारी क्षति का हवाला देते हुए उन्होंने कहा है कि क्षति को पूरा करने में पांच साल लग जाएंगे। उन्होंने राज्यवासियों से अपील की है कि वे सादगी से दीपावली मनाएं।
वहीं प्रदेश की सत्ता में सहयोगी उत्तराखण्ड क्रांति दल पहले ही घोषणा कर चुका है कि उसके कार्यकर्ता इस वर्ष दीपावली नहीं मनाएंगे।
बहरहाल, राज्य के नेताओं और राजनीतिक दलों पर पीड़ित लोगों की पीड़ा का असर तो है, लेकिन प्रभावितों के लिए कुछ कर पाने में वे अब तक नाकाम रहे हैं। फसलों के नष्ट होने का मुआवजा कितना दिया जाए, सरकार अभी तक यह भी तय नहीं कर पाई है।
उल्लेखनीय है कि बरसात के दिनों में उत्तराखण्ड में आई आपदा में 170 व्यक्तियों की मौत हो गई थी। राज्य की 1250 सड़कें, हजारों मकान और सैकड़ों पेयजल योजनाएं ध्वस्त हो गईं तथा भारी मात्रा में खेत-खलिहान भी नष्ट हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications