जानकारी साझा करने से अमेरिका ने नहीं किया इंकार : राव
विदेश सचिव निरूपमा राव ने पत्रकारों को बताया, "मुझे नहीं लगता है कि इस मद्दे पर सरकार में अलग-अलग राय है। मूल बात यह है कि दोनों देशों के बीच अभूतपूर्व सहयोग हुआ है।"
उन्होंने कहा, "हमें किसी तरह की सूचना देने से इंकार नहीं किया गया है।"
राव पत्रकारों के उस सवाल का जवाब दे रही थीं, जिसमें उनसे से पूछा गया कि क्या पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी आतंकवादी डेविड हेडली की आतंकी संगठन लश्कर के साथ संपर्क और मुंबई में आतंकी हमलों की साजिश के संबंध में अमेरिकी खुफिया जानकारी साझा करने को लेकर सरकार में मतभेद है?
दो दिन पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन ने कहा था कि हेडली के पूछताछ के लिए अमेरिकी द्वारा दिया गया सहयोग 'अभूतपूर्व' था।
मेनन का यह बयान गृह सचिव जी.के. पिल्लै की उस टिप्पणी के बाद आया है जिसमें उन्होंने अमेरिका द्वारा हेडली पर विशेष जानकारियों का साझा न करने पर निराश जाहिर की थी।
पिल्लै के अनुसार यदि अमेरिका ने हेडली के बारे में सटीक जानकारी दी होती तो मुंबई हमलों से बचा जा सकता था।
राव ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बीच सोमवार को क्षेत्र में प्रमुख आतंकी संगठनों की गतिविधियों और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए चर्चा की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications