आसान हो रहा है भारत में कारोबार करना : विश्वबैंक
वाशिंगटन, 4 नवंबर (आईएएनएस)। विश्व बैंक और अंतर्राष्ट्रीय वित्त निगम (आईएफसी) की एक ताजा रिपोर्ट में भारत को ऐसे 40 देशों में शुमार किया है जिन्होंने कारोबार की बाधाओं को दूर करने की प्रक्रिया में पिछले एक साल में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की है।
रिपोर्ट के मुताबिक भारत का स्थान उन 40 देशों में आता है जिन्होंने कारोबार के आड़े आने वाले नियम-कानूनों को धीरे-धीरे काफी आसान बनाया है।
"डूइंग बिजनेस 2011 : मेकिंग ए डिफरेंस फॉर एंटरप्रेन्योर्स" शीर्षक वाली इस रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने 2005 से अब तक सात क्षेत्रों में 18 कारोबारी नियमों में सुधार किए हैं। इसके तहत अधिकतर प्रक्रियाओं जैसे पंजीकरण, टैक्स जमा करने, आदि का कम्प्यूटरीकरण कर दिया गया है।
यह आईएफसी और विश्व बैंक द्वारा संयुक्त रूप से कराए गए जाने वाले अध्ययन की यह आठवीं सलाना रिपोर्ट है। इसमें घरेलू कारोबारी कम्पनियों से संबंधित नियम-कानूनों से जुड़े मुद्दों के आधार पर दुनिया के 183 देशों की रैंकिंग की जाती है।
अध्ययन में बताया गया है कि 2005 के बाद दुनियाभर में कारोबार करना पहले से अधिक आसान हो गया है। इस दौरान दुनिया भर में 1,511 कानूनी सुधार किए गए हैं।
इस अध्ययन दल के एक सदस्य डालिया खलीफा ने कहा कि दुनिया भर में नियम-कानूनों में प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को जगह मिल रही है। प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने से प्रक्रिया का पालन आसान, कम खर्चीला और पारदर्शी हो जाता है।
अध्ययन में बताया गया है कि आर्थिक सहयोग एवं विकास संगठन से जुड़े देशों में कारोबार करना दुनिया में सबसे अधिक आसान है जबकि अफ्रीका महाद्वीप में सहारा रेगिस्तान से दक्षिण में पड़ने वाले हिस्से और दक्षिण एशिया में कारोबार करना सबसे कठिन है।
विकासशील देश हालांकि बड़ी तेजी से अपने कानूनी प्रक्रियाओं को आसान बना रहे हैं।
सिंगापुर लगातार पांचवें साल कानून को आसान बनाने में दुनिया में सबसे आगे रहा है। दूसरे स्थान पर हांगकांग एसएआर चीन, तीसरे पर न्यूजीलैंड, उसके बाद क्रमश: इंग्लैंड और अमेरिका रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications