ओबामा की यात्रा को लेकर भारत उत्साहित : राव
विदेश सचिव निरुपमा राव ने गुरुवार को नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, "भारत राष्ट्रपति ओबामा का स्वागत करने को उत्साहित है। हमारा मानना है कि उनका दौरा द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने में निर्णायक साबित होगा। ओबामा और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अब तक पांच बार मिल चुके हैं। यह पहला मौका होगा जब दोनों नेता भारत में मिलेंगे।"
उन्होंने कहा, "ओबामा और प्रधानमंत्री के बीच सभी क्षेत्रीय और वैश्विक मसलों पर चर्चा की जाएगी। दोनों नेता व्यापार, निवेश, कृषि, रक्षा और कई अन्य मुद्दों पर बातचीत करेंगे जिनसे दोनों के हित जुड़े हुए हैं। राष्ट्रपति ओबामा और प्रधानमंत्री सिंह पहले ही कह चुके हैं कि भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंध 21वीं सदी के लिए बेहद महत्वूपर्ण हैं।"
ओबामा के तीन दिवसीय भारत दौरे पर पूरी दुनिया की निगाहें रहेंगी। राजनयिक हलके से लेकर कारपोरेट जगत, हर कोई इस दौरे को अपने नजरिए से जोड़कर देख रहा है। अमेरिका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति छह नवम्बर (शनिवार) को दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में कदम रखेंगे। वह सबसे पहले मुम्बई पहुंचेंगे।
भारत की आर्थिक राजधानी में ओबामा उसी ताज होटल में ठहरेंगे जहां दो साल पहले पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने भारी रक्तपात मचाया था। इस लिहाज से उनका इस होटल में रुकना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपनी भारत यात्रा के दूसरे दिन ओबामा मुम्बई के एक स्कूल का दौरा करेंगे जहां वह बच्चों के साथ दीपावली का जश्न मनाएंगे। इसके बाद वह भारतीय उद्यमियों से मुलाकात करेंगे।
ओबामा रविववार को दिल्ली पहुंचेंगे जहां वह भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ एक निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे। इसके अगले दिन वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनका हुमायूं का मकबरा जाने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद ओबामा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे और फिर दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने सम्मान में आयोजित भोज से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीय संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के लिए रवाना होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications