छठी मंज़िल से गिरी, खरोंच नहीं आई

फ़्रांस में प्रायः लोग ऊँची इमारतों में रहते हैं
फ़्रांस का मीडिया डेढ़ साल की एक बच्ची का छटी मंज़िल से नीचे गिरना और एक खरोंच भी न आना चमत्कार बता रहा है.
बच्ची अपने फ़्लैट की छठी मंज़िल से गिरी, नीचे एक कैफ़ेटेरिया की छत पर लगे तिरपाल पर उछली और फिर नीचे गिरने लगी.
उसी समय एक डॉक्टर साहब अपनी पत्नी और बेटे के साथ वहाँ टहल रहे थे. उनके बेटे की नज़र गिरती हुई बच्ची पर पड़ी और उसने पिता को बताया.
डॉक्टर ने दौड़ कर बच्ची को अपनी बाहों में संभाल लिया और उसे ज़मीन पर गिरने से बचा दिया.
एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना था कि डॉक्टर की गोद में आ कर बच्ची थोड़ा सा रोई फिर शांत हो गई.
इस प्रक्रिया में डॉक्टर को तो कोई चोट नहीं लगी लेकिन बच्ची को जाँच के लिए अस्पताल ले जाया गया.
उसी फ़्लैट के सामने की इमारत में रह रहे एक व्यक्ति का कहना था कि उन्होंने बच्ची को एक उससे बड़ी बच्ची के साथ खिड़की के पास खेलते देखा था और उन्हें लगा था कुछ अनहोनी न हो जाए.
जिन डॉक्टर ने बच्ची को गिरने से बचाया उनका कहना था, "यह क़िस्मत की ही बात है. मैं सही समय पर सही जगह था. मैं उस छोटी सी बच्ची के लिए बहुत ख़ुश हूँ".


Click it and Unblock the Notifications