गरीबों को अस्पताल, शिक्षण संस्थाओं में आरक्षण की योजना
प्रदेश की राजधानी भोपाल में गरीबों के लिए पांच रुपये में एक वक्त का भोजन देने की 'राम रोटी योजना' की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि गरीबों को बेहतर इलाज मिल सके इसके लिए नर्सिग होम में बेड आरक्षित किए जाएंगे। इसी तरह प्रतिभाशाली गरीब बच्चों के लिए निजी शिक्षण संस्थाओं में स्थान आरक्षित रहें, इसके लिए कानून बनाने पर विचार किया जा रहा है।
चौहान ने रामरोटी योजना को सार्थक पहल बताते हुए कहा कि उनकी सरकार गरीबों के उत्थान के कार्य में लगी है। प्रदेश में गरीबों के उपचार के लिए बनाए गए स्वेच्छानुदान की राशि दो करोड़ से बढाकर 20 करोड़ कर दी गई है। सरकार शिक्षा स्वास्थ्य और बेटियों की शादी सहित अन्य कार्यो में मदद कर रही है।
नगरीय प्रशासन मंत्री बाबू लाल गौर ने राम रोटी योजना का ब्यौरा देते हुए बताया कि रैन बसेरा में दो रुपये में रात्रि विश्राम और पांच रुपये में एक वक्त के खाने की व्यवस्था की गई है। भोपाल में चार स्थानों पर यह योजना शुरू की गई है। आगामी समय में यह योजना ग्वालियर, जबलपुर व इंदौर में भी शुरू की जाएगी। इस मौके पर सांसद कैलाश जोशी भी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications