मर्केल के दफ़्तर में संदिग्ध पैकेट

एंगेला मर्केल इस समय बेल्जियम के दौरे पर हैं.
जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल के दफ़्तर की डाक में एक संदिग्ध पैकेट मिला है. जर्मनी में एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा है कि पैकेट की जाँच की जा रही है और किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है.
जर्मनी के संघीय अपराध जांच कार्यालय ने कहा है कि पैकेट में विस्फोटक है या नहीं इसकी जाँच की जा रही है.
जर्मनी के सरकारी प्रवक्ता ने कहा, "चांसलर के दफ़्तर में एक संदिग्ध पैकेट पाया गया है. इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि उस पैकेट में विस्फोटक हैं. जाँच जारी है. कोई भी घायल नहीं हुआ है."
चांसलर एंगेला मर्केल इस समय बेल्जियम के दौरे पर हैं.
जर्मनी के चांसलर के कार्यालय में संदिग्ध पैकेट ऐसे वक्त पाया गया है जब ग्रीक की राजधानी एथेंस में कई दूतावासों में डाक से आए पैकेटों में विस्फोट हुए हैं. इनमें किसी भी विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ है.
एथेंस में हुए धमाकों के पीछे एक धुर-वामपंथी गुट का हाथ माना जा रहा है.


Click it and Unblock the Notifications