आदर्श घोटाले के लिए चव्हाण जिम्मेदार : देशमुख
नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाला सामने आने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस में मतभेद उभरने लगा है। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री विलास राव देशमुख ने मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण पर आरोप लगाया है कि उन्होंने भवन निर्माण नियम में बदलाव कर कारगिल शहीदों के परिवार के लिए बनी को-आपरेटिव सोसाइटी की इमारत में आम नागरिकों को प्रवेश करने का मौका दिया।
अशोक चव्हाण से पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके देशमुख ने सीएनएन-आईबीएन टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि "चव्हाण (तत्कालीन राजस्व मंत्री) द्वारा भेजे गए कुछ प्रस्तावों को उन्होंने दोषमुक्त कर दिया था।" उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें इस मामले के बारे में कुछ नहीं कहा है।
ज्ञात हो कि चव्हाण ने शनिवार को सोनिया गांधी से मुलाकात की थी और आदर्श सोसाइटी के कुछ फ्लैट अपनी सास एवं दो अन्य रिश्तेदारों को आवंटित करने के आरोपों के बाद उन्होंने इस्तीफे की पेशकश की थी।
उल्लेखनीय है कि आम नागरिकों को फ्लैट आवंटन मामले में चव्हाण के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री देशमुख एवं केंद्रीय ऊर्जा मंत्री सुशील कुमार शिंदे के नाम भी उछले थे। राजनीतिक हलके में यह कयास भी लगाया जाने लगा कि चव्हाण का इस्तीफा मंजूर होने पर देशमुख या शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications