स्थापना दिवस पर झूमा मध्य प्रदेश (लीड-1)
प्रदेश के 55 वें स्थापना दिवस पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को रंगारंग कार्याक्रमों का दौर चला, राजधानी के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में हुई आतिशबाजी ने पूरे आकाश को ही रोशन कर दिया। वहीं रंगारंग कार्यक्रमों से हर कोई झूम उठा। जिला मुख्यालयों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया गया।
हरदा में मुख्य समारोह नगरीय प्रशासन मंत्री बाबू लाल गौर, इंदौर में पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, खंडवा में पुर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, जबलपुर में विधान सभाध्यक्ष ईशवर दास रोहाणी, सागर में पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री का संदेश पढकर सुनाया। वहीं रंगारंग कार्यक्रम हुए जिनमें बच्चों ने भव्य प्रस्तुतियां दी।
इसी क्रम में भोपाल में कुशाभाउ ठाकरे अंतर्राज्यीय बस टर्मिनस और आधुनिक नगर बस सेवा का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों से विकास और समृद्घि के लिए नागरिक धर्म का पालन करने का आहवान किया और भरोसा दिलाया कि राजधानी के विकास में बजट की कमी नहीं आएगी।
चौहान ने प्रदेश के विकास और आमजनों के समृद्घ जीवन के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यो का ब्योरा दिया और कहा कि प्रदेश की समृद्घि व प्रगति के लिए हरियाली बढ़ाने, पानी बचाने, बिजली बचाने, स्चच्छता रखने जैसे नागरिक कर्तव्यों का पालन आवश्यक है। इतना ही नहीं सरकार ने लोक सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने का संकल्प लिया है। इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
चौहान ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने निर्धारित समय सीमा में आमजन को सेवाएं देने की पहल की है। इस मौके पर प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री बाबूलाल गौर भी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications