बिहार चुनाव : चौथ चरण में 51 फीसदी मतदान, 285 गिरफ्तार (राउंडअप)

इस दौरान मतदान में गड़बड़ी फैलाने के आरोप में 285 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद आदर्श चुनाव आचार संहिता उल्लंघन मामले में फंस गए।

पुलिस के अनुसार आरोप है कि दीघा विधानसभा क्षेत्र के वेटनरी महाविद्यालय स्थित मतदान केंद्र में जब पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद अपनी पत्नी राबड़ी देवी सहित अपने परिजनों के साथ मतदान करने गए थे तो वे पांच वाहनों के साथ थे तथा उनके सुरक्षाकर्मी उनके साथ मतदान केंद्र के अंदर तक गए जो आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।

पटना के पुलिस अधीक्षक (नगर) मनु महाराज ने बताया कि इस मामले की प्राथमिकी हवाई अड्डा थाने में दर्ज करा दी गई है तथा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

राज्य निर्वाचन विभाग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुधीर कुमार राकेश ने बताया कि लालू प्रसाद के साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के खिलाफ भी आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पटना जिला के बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 195 पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने पटना के राजेंद्र नगर के एक मतदान केंद्र पर अपना मत डाला। पटना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद, शत्रुघ्न सिन्हा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी़ पी़ ठाकुर ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुधीर कुमार राकेश ने बताया कि चौथे चरण में कुल 1,00,47,974 मतदाताओं में से 51 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि बेगूसराय जिले में सबसे ज्यादा 55 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि पटना और भागलपुर में 52-52 तथा खगड़िया में 53 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत डाले।

पिछले लोकसभा चुनाव में 42.78 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

उन्होंने कहा कि बांका संसदीय क्षेत्र में सोमवार को हुए उपचुनाव में 46.67 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। क्षेत्र में 10,400 मुख्य तथा 316 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए थे, जबकि इस चरण में 58 महिलाओं समेत 568 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। बांका संसदीय क्षेत्र में सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

42 सीटों में पटना के दस, बेगूसराय के सात, खगड़िया के चार, भागलपुर के सात, बांका के पांच, जमुई के चार, मुंगेर के तीन और लखीसराय जिले की दो विधानसभा सीटें हैं।

राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि मतदान के दौरान सभी क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो कहीं से बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी फैलाने के आरोप में 285 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें पटना में सबसे ज्यादा 151, लखीसराय में 23 तथा नवगछिया में 20 लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान 176 मोटरसाइकिल समेत 185 वाहन भी जब्त किए गए हैं।

नीलमणि के मुताबिक नक्सलियों ने जमुई जिला के जमुई-चकाई मार्ग पर बारूदी सुरंग में विस्फोट किया, जिसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर सुरक्षा बलों को भेज दिया गया है तथा नक्सलियों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि तीन चरणों में अब तक विधानसभा की 140 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। राज्य में छह चरणों के तहत अब 9 और 20 नवंबर को मतदान होना है। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+