शिवराज का प्रदेशवासियों से नागरिक धर्म निभाने का आह्वान
भोपाल, 1 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों से विकास और समृद्घि के लिए नागरिक धर्म का पालन करने का आह्वान किया है।
स्थापना दिवस पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को रंगारंग कार्यक्रमों का दौर चला। जिला मुख्यालयों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में भोपाल में कुषाभाउ ठाकरे अंतर्राज्यीय बस टर्मिनस और आधुनिक नगर बस सेवा का उद्घाटन करते हुए चौहान ने कहा कि राजधानी के विकास में बजट की कमी नहीं आएगी।
चौहान ने प्रदेश के विकास और आमजनों के समृद्घ जीवन के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यो का ब्योरा दिया और कहा कि प्रदेश की समृद्घि व प्रगति के लिए हरियाली बढ़ाने, पानी बचाने, बिजली बचाने, स्चच्छता रखने जैसे नागरिक कर्तव्यों का पालन आवश्यक है। इतना ही नहीं सरकार ने लोक सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने का संकल्प लिया है। इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्थाएं की गई है।
चौहान ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने निर्धारित समय सीमा में आमजन को सेवाएं देने की पहल की है। इस मौके पर प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री बाबूलाल गौर भी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications