जयपुर में नष्ट किया गया 2453 किलो नकली मावा
जयपुर, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 'शुद्ध के लिए युद्ध' अभियान के तहत रविवार तक कुल 1511 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्यान्न वस्तुओं के 422 नमूने लिए और 2453 किलो नकली मावा नष्ट करवाया। एक मामले में पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई।
राज्य के मुख्य स्वास्थ्य सचिव बी.एन. शर्मा ने बताया कि सात नवम्बर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत 28 से 31 अक्टूबर तक विभाग के खाद्य निरीक्षकों ने 111 किलो मावे की मिठाई, 54 फल-सब्जी, 52 किलो दूध एवं तीन किलो पनीर को मिलावटी और नकली पाए जाने पर नष्ट करवाया।
शर्मा ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले में रंगदार खिलौने एवं रंगदार जलेबी पाए जाने पर इन्हें नष्ट करवाया गया। इसी प्रकार प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मिठाई में अखाद्य रंग पाए जाने पर उसे भी नष्ट करवाया गया। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर सड़े-गले फल एवं सब्जियों को नष्ट करवाने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि झुंझुनू जिले में सड़े हुए 40 किलो पेड़े, 22 किलो मिलावटी कलाकंद एवं 40 किलो मिलावटी बर्फी नष्ट करवाई गई। अलवर जिले के सोडावास में 15 किलो मिलावटी जलेबी एवं खराब तेल में तले हुए समोसे नष्ट करवाए गए। उन्होंने बताया कि सवाई माधोपुर जिले में खाद्य निरीक्षकों ने हल्दी, धनिया, बेसन, सरसों का तेल आदि के नमूने लिए।
शर्मा ने बताया कि विशेष अभियान के तहत सात नवम्बर तक प्रत्येक खाद्य निरीक्षक को प्रतिदिन 10 दुकानों का निरीक्षण करने एवं कम से कम पांच नमूने लेने को कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications