चव्हाण मुम्बई लौटे, आलाकमान का फैसला अभी नहीं
नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। आदर्श सोसाइटी घोटाले को लेकर आरोपों से घिरे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के सामने अपना पक्ष रखने के बाद सोमवार को मुम्बई लौट गए।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के सामने इस्तीफे की पेशकश करने वाले चव्हाण को लेकर पार्टी अभी कोई फैसला नहीं करेगी। चव्हाण ने दिल्ली में सोनिया के अलावा रक्षा मंत्री एवं महाराष्ट्र के पार्टी प्रभारी ए. के. एंटनी से भी मुलाकात की।
सोनिया ने इस मामले की जांच के लिए एंटनी और वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी को लेकर एक टीम गठित की है। कांग्रेस के ये दोनों दिग्गज आदर्श सोसाइटी के फ्लैट आवंटन मामले की जांच करेंगे। यह सोसाइटी कारगिल के शहीदों के परिजनों के लिए बनी थी।
मुखर्जी ने रविवार को कहा कि उन्हें और एंटनी को इस विवाद की जांच के लिए और वक्त चाहिए। दूसरी ओर पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस मामलें में दीपावली के बाद ही कोई फैसला हो सकता है।
पार्टी सूत्रों ने यह भी बताया कि चव्हाण मुम्बई लौट गए हैं और वह मंगलवार को होने वाली कांग्रेस समिति की बैठक में शिरकत करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications