निक्की गवर्नर की दौड़ में आगे
वाशिंगटन, 1 नवम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका में मंगलवार को होने वाले चुनाव में भारतीय मूल के सात उम्मीदवारों का भविष्य दांव पर लगा है। इनमें निक्की हेले के दक्षिणी कैरोलिना प्रांत के गवर्नर के चुनाव में जीतने की प्रबल संभावना है।
अमेरिकी कांग्रेस के लिए चुनाव में भी भारतीयों केअच्छा करने की उम्मीद है। हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स के लिए हो रहे चुनाव में भारतीय मूल के ज्यादातर प्रत्याशी डेमोक्रेट पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
भारतीय मूल के उम्मीदवारों में डेमोक्रेट कमला हैरिस सान फ्रांसिस्को से अपनी किस्मत आजमा रही हैं। इसी तरह चिकित्सक अमरीश बेरा कैलीफोर्निया के साक्रामेंटो जिले से चुनावी मैदान में हैं। इन दोनों को रिपब्लिकन उम्मीदवारों से कड़ी टक्कर मिल रही है।
वर्ष 1956 में दलीप सिंह सऊंद भारतीय मूल के पहले शख्स थे जो हाउस ऑफ रिप्रंजेटेटिव्स का चुनाव जीते थे। वे तीन बार इस सदन के लिए चुने गए। इसके बाद बॉबी जिंदल को छोड़ दूसरा कोई भारतीय ऐसा नहीं कर सका।
अमेरिका में भारतीय मूल के लगभग 28 लाख लोग रहते हैं। इस बार छह उम्मीदवार इस सदन में पहुंचने की कोशिश में हैं। सभी डेमोक्रेट हैं और वे रिपब्लिकन उम्मीदवारों को पटकनी देने की कोशिश में हैं।
इन उम्मीदवारों के अलाव भारतीय मूल के लोगों की निगाहें दक्षिण कैरोलिना प्रांत पर होंगी जहां गवर्नर की रेस में निक्की हेले आगे मानी जा रही हैं। अगर निक्की यह चुनाव जीत जाती हैं तो जिंदल के बाद वह भारतीय मूल की दूसरी ऐसी शख्स बन जाएंगी जो अमेरिकी प्रांत के गवर्नर जैसे प्रतिष्ठित पर विराजमान होंगी।
निक्की कभी नम्रता रंधावा हुआ करती थीं। रिपब्लिकन उम्मीदवार बनने की होड़ में जब वह शामिल हुई थीं तब उनके खिलाफ कई तरह के आरोप लगाए गए। परंतु निक्की ने सभी को गलत साबित करते हुए उम्मीदवारी हासिल की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications