दिल्ली में शिक्षा ऋण में फर्जीवाड़ा, 8 गिरफ्तार
नई दिल्ली, 1 नवम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली में फर्जीवाड़ा कर शिक्षा ऋण के नाम पर एक करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी करने के आरोप में पुलिस ने पांच महिलाओं सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने अब तक 500 से अधिक छात्रों के साथ धोखाधड़ी की है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) नीरज ठाकुर ने बताया, "मुखर्जी नगर की परमानंद कालोनी में छापेमारी कर गिरोह का मुखिया वरुण सरदाना (24), हिमांशु शर्मा (21), सन्नी पाल (22) और पांच लड़कियों को पकड़ा गया है।"
उन्होंने बताया कि सरदाना ने अपने दोस्त शर्मा और पाल के साथ मिलकर फर्जीवाड़े की साजिश रची। उन्होंने कार्य संभालने के लिए इन लड़कियों को नियुक्त किया और उन्हें प्रशिक्षण दिया।
गिरोह ने ऋण मुहैया कराने सम्बंधी विज्ञापन प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित करवाया, जिसमें दिए गए फोन नंबर पर छात्रों ने उनसे सम्पर्क किया।
उन्होंने ऋण के इच्छुक छात्रों से कहा कि वे 'प्रोसेसिंग फी' के रूप में पहले 2,500 से 3,000 रुपये जमा करें, उसके बाद ऋण की पहली किस्त दी जाएगी। छात्रों से रुपये वसूलने के बाद वे चंपत हो गए और फोन का कनेक्शन भी कटवा दिया।
ठाकुर ने बताया, "इन लोगों ने पकड़े जाने की आशंका से दो महीने के भीतर ही अपना पता भी बदल लिया।"
दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को छापेमारी कर सभी आरोपियों को धर दबोचा और उनके पास से 26 मोबाइल फोन, 16 बैंक खाते, 57 नए सिम कार्ड और 18 एटीएम कार्ड बरामद किए जो फर्जी कागजात के आधार पर बनवाए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications