ब्राजील की पहली महिला राष्ट्रपति बनेंगी रॉसेफ
रियो डी जेनेरियो, 1 नवंबर (आईएएनएस)। ब्राजील में सत्ताधारी वर्कर्स पार्टी की उम्मीदवार डिल्मा रॉसेफ राष्ट्रपति चुनाव जीत गई हैं। वह दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप के इस सबसे बड़े देश की पहली महिला राष्ट्रपति होंगी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार 95 फीसदी मतों की गिनती में रॉसेफ को 55 फीसदी मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सोशल डेमोक्रेट उम्मीदवार जोसे सेरा को 44 फीसदी मत हासिल हुए।
रॉसेफ के चुने जाने के बाद ब्राजील में मौजूदा राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला डी सिल्वा की नीतियों के आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया। लूला ने ही रॉसेफ को अपनी पार्टी का उम्मीदवार बनाया था।
इससे पहले एक चुनाव सर्वेक्षण में रॉसेफ को 58 फीसदी मत मिलने की संभावना जताई गई थी। तीन अक्टूबर को हुए पहले दौरे के चुनाव में रॉसेफ को 47 फीसदी मत मिले थे जिसके बाद दूसरे दौर का चुनाव हुआ।
रॉसेफ को लूला के साथ काम करने का लंबा अनुभव हासिल है। 62 साल की रॉसेफ आगामी एक जनवरी को पदभार संभालेंगी। पेशे से अर्थशास्त्री रॉसेफ के सामने सबसे बड़ी चुनौती विकास के फायदे को ब्राजील के सभी लोगों तक पहुंचाना रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications