'कारगिल युद्ध के लिए मुशर्रफ जिम्मेदार'
इस्लामाबाद, 1 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना के इंटर सर्विसिस इंटेलिजेंस (आईएसआई) के पूर्व प्रमुख ने रविवार को कहा कि पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ और उनके करीबी सहयोगी 1999 में हुए कारगिल युद्ध के लिए जिम्मेदार थे।
सेवानिवृत्त जनरल जियाउद्दीन बट ने मामले की सिरे से जांच कराए जाने की मांग की है। बट फिलहाल पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मुख्यमंत्री के निरीक्षण दल के अध्यक्ष हैं।
बट ने जियो टीवी के साथ रविवार की रात एक साक्षात्कार में कहा, "तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को कारगिल ऑपरेशन के बारे में कोई सही जानकारी नहीं दी गई थी। मुशर्रफ ने कारगिल युद्ध शुरू करने के लिए नवाज को झांसा दिया था। सच्चाई का पता लगाने के लिए मामले की सिरे से जांच कराई जानी चाहिए।"
बट ने कहा, "परवेज मुशर्रफ, लेफ्टिनेंट जनरल महमूद और लेफ्टिनेंट जनरल अजीज खान ने सेना में अपने कुछ अन्य करीबी सहयोगियों के साथ मिल कर पूरी साजिश रची थी। लेफ्टिनेंट जनरल तारिक परवेज ने एक बैठक में इस आक्रामकता का विरोध किया था और बाद में दंड के रूप में उन्हें परवेज मुशर्रफ द्वारा जबरन सेना से सेवानिवृत्त कर दिया गया था।"
बट ने कहा, "राजनीतिक नेतृत्व को पूरी तरह अनजान रखा गया था। संघीय कैबिनेट ने तीन जून, 1999 को हुई एक बैठक में मुशर्रफ को सेना प्रमुख के पद से हटाए जाने की मांग की थी, क्योंकि देश को कारगिल युद्ध के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शर्मशार होना पड़ा था।"
बट ने आगे कहा, "नवाज शरीफ ने इस कारण से मुशर्रफ को हटाए जाने के विरुद्ध निर्णय लिया कि इससे सेना का आत्मविश्वास डिगेगा। मुशर्रफ ने बाद में जिन बैठकों को कारगिल पर मुशर्रफ को दी गई जानकारी के रूप में बताया था, उन बैठकों को इस मुद्दे से कुछ भी लेना-देना नहीं था।"
नवाज शरीफ ने कहा था कि कारगिल युद्ध से पहले मुशर्रफ ने उन्हें कभी भी भरोसे में नहीं लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications