किंगफिशर दिल्ली-आगरा विमान सेवा शुरू (लीड-1)
आगरा, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। विमानन कम्पनी, किंगफिशर एयरलाइन्स ने रविवार को दिल्ली-आगरा विमान सेवा शुरू कर दी। इस सेवा की पहली उड़ान रविवार को आगरा पहुंची। यह जानकारी एक ट्रेवल एजेंसी के एक अधिकारी ने दी।
अधिकारी ने कहा कि उड़ान संख्या 4367 खेरिया हवाईअड्डे पर अपराह्न् लगभग 3.30 बजे उतरी और आधा घंटे बाद दिल्ली के लिए लौट गई। यह 66 सीटों वाला एटीआर विमान था।
शनिवार को हालांकि एक चार्टर्ड विमान से 140 अतिथियों को आगरा लाया गया था, लेकिन सेवा की औपचारिक शुरुआत रविवार दोपहर बाद हुई।
पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने इस विमानन सेवा का स्वागत किया है।
आगरा होटल्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान ने कहा कि आगरा को और भी अधिक विमान सेवाओं और परिवहन सुविधाओं की जरूरत है। यहां के लिए अंतर्राष्ट्रीय सेवा भी शुरू की जानी चाहिए।
किंगफिशर की वेबसाइट के अनुसार दिल्ली-आगरा विमान सेवा का किराया 1,999 रुपये है।
फॉरेन टूरिस्ट वेलफेयर चैम्बर के अध्यक्ष राजीव तिवारी ने इस सेवा का स्वागत करते हुए हवाईअड्डा कर में कमी किए जाने की मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications