सीमा विवाद का व्यावहारिक समाधान चाहते हैं भारत-चीन
मीनू जैन
प्रधानमंत्री के विशेष विमान से, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को कहा कि उन्होंने चीनी प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के साथ सभी मुद्दों पर सम्पूर्णता में बातचीत की है। उन्होंने कहा कि दोनों देश अपने सीमा विवाद का एक व्यावहारिक समाधान चाहते हैं।
तीन एशियाई देशों की यात्रा पूरी कर वियतनाम से स्वदेश लौट रहे प्रधानमंत्री ने रास्ते में कहा कि विवाद की समाप्ति तक भारत-चीन सीमा पर शांति बनाए रखना है।
हनोई में शुक्रवार सुबह वेन के साथ हुई अपनी मुलाकात के बारे में सिंह ने कहा, "हमने सभी मुद्दों पर सम्पूर्णता में बातचीत की।"
सिंह ने कहा कि दोनों देशों ने सीमा विवाद का एक व्यावहारिक समाधान निकालने के बारे में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इसी सीमा विवाद के कारण 1962 में दोनों देशों के बीच युद्ध हुआ था। दोनों देश एक-दूसरे के क्षेत्र पर दावा करते हैं।
मनमोहन सिंह ने कहा, "फिलहाल, सीमा पर शांति और सौहाद्र्र बनाए रखा जाना चाहिए।"
एक पत्रकार ने पूछा कि क्या चीन भारत के सामने नरम पड़ रहा है। सिंह ने कहा कि वह नरम-गरम के मामले में नहीं पड़ना चाहते। "रिश्ते में जो कुछ गलतफहमी है, उसे समाप्त किया जाना चाहिए।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने वेन को आमंत्रित किया है और निकट भविष्य में वह भारत आएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications